Jamshedpur News : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मकदमपुर में देर रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस दौरान जमकर मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ हुई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
महिला ने लगाया घर में घुसकर हमला करने का आरोप
पीड़ित महिला नरगिस परवीन ने आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले उन्होंने बकरी चोरी के मामले का विरोध किया था और इसकी शिकायत थाने में भी दर्ज कराई थी। इसी रंजिश में देर रात आरोपी युवक उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया।
उनके अनुसार, आरोपियों ने घर में घुसकर सामान तोड़फोड़ की, परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में उन्होंने समीर और उसके साथियों को जिम्मेदार ठहराया है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष ने भी नरगिस परवीन और उनके परिवार पर मारपीट का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की ओर से परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना के दौरान पथराव से घर का छप्पर टूट गया और सामान बिखर गया। इस झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं।
पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह, पुलिस सतर्क
पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर यह विवाद हुआ है। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।