Seraikela: राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के बाद बुधवार को हाथीसिरिंग गांव में शोक का माहौल बना रहा। इस दुखद घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने सांसद जोबा माझी, उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह और सिविल सर्जन डॉ. एसपी सिंह मौके पर पहुंचे। सभी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
परिजनों को बंधाया ढांढस, जांच का दिया भरोसा
जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर उसकी गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
4.20 लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी गई
इस दौरान सांसद जोबा माझी ने राज्य सरकार की ओर से स्वीकृत 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और तत्काल राहत के रूप में 20 हजार रुपये, कुल 4.20 लाख की सहायता राशि के दो चेक पीड़ित परिवार को सौंपे। इस आर्थिक सहयोग से परिवार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई।
बच्चों की पढ़ाई और रोजगार में मदद का आश्वासन
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने परिवार को भरोसा दिलाया कि पीड़िता के बच्चों की शिक्षा में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही परिवार के भरण-पोषण को ध्यान में रखते हुए मृतका के पति को आउटसोर्सिंग के माध्यम से गांव के आसपास रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
हर संभव मदद का भरोसा, प्रशासन रहेगा साथ
प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सहायता प्रदान की जाएगी और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।