Jharkhand News : सरकार ने राज्य वित्त आयोग के कामकाज को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। वित्त विभाग द्वारा जारी संकल्प के अनुसार आयोग में सलाहकार और रिसर्च असिस्टेंट के पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ ही आयोग के संचालन के लिए कुल 18 पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है, जिनमें विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी पद शामिल हैं।इन पदों में उपसचिव, अवर सचिव, प्रशाखा पदाधिकारी, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रधान आप्त सचिव, सलाहकार और रिसर्च सहायक जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं, जिससे आयोग के कार्यों को व्यवस्थित और गति देने में मदद मिलेगी।
कंप्यूटर ऑपरेटर से पिउन तक बाह्य स्रोत से होंगे नियोजित, नियमित पद नहीं माने जाएंगे
वित्त विभाग के अनुसार सलाहकार और रिसर्च असिस्टेंट के दो-दो पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति की जाएगी। वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर, ड्राइवर और पिउन जैसे पदों को बाह्य स्रोत के जरिए भरा जाएगा। इन पदों को नियमित सरकारी पद नहीं माना जाएगा।
इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर को JAP-IT द्वारा निर्धारित मानदेय दिया जाएगा, जबकि उपसचिव से लेकर आप्त सचिव स्तर तक के पदों को सचिवालय सेवा संवर्ग से भरा जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य आयोग के कार्यों में दक्षता लाना और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।
यह कदम राज्य वित्त आयोग की कार्यप्रणाली को मजबूत करने और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।