Jharkhand Politics: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार को देश की राजधानी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आधिकारिक आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की. यह मुलाकात सामान्य दिखने के बावजूद राजनीतिक रूप से काफी अहम मानी जा रही है.
बंगाल चुनाव में जीत पर दी बधाई
मुलाकात के दौरान चंपई सोरेन ने अमित शाह को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के शानदार प्रदर्शन और बड़ी जीत के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह परिणाम पार्टी के संगठन और रणनीति की सफलता को दर्शाता है.
जंगलमहल क्षेत्र पर रही खास नजर
बैठक का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल का जंगलमहल इलाका रहा. इस क्षेत्र में इस बार भाजपा को अभूतपूर्व सफलता मिली है. दोनों नेताओं ने यहां के सामाजिक, राजनीतिक और क्षेत्रीय समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की. साथ ही आदिवासी क्षेत्रों में बदलते राजनीतिक रुझानों पर भी विचार-विमर्श हुआ.
भविष्य की राजनीति को लेकर संकेत
सूत्रों के मुताबिक, यह मुलाकात सिर्फ शिष्टाचार तक सीमित नहीं थी. इसे आने वाले समय की राजनीतिक रणनीति और संभावित समीकरणों के रूप में भी देखा जा रहा है. खासकर झारखंड और पश्चिम बंगाल की राजनीति के संदर्भ में इस बैठक के कई मायने निकाले जा रहे हैं.
बढ़ सकती है सियासी हलचल
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस मुलाकात के बाद क्षेत्रीय राजनीति में नई हलचल देखने को मिल सकती है. आने वाले दिनों में इसके असर झारखंड और बंगाल दोनों राज्यों की राजनीति में दिख सकते हैं.