Bengal Politics: पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में भाजपा नेता और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद उनके परिवार में गहरा शोक है. बुधवार रात हुई इस वारदात के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है. इस बीच चंद्रनाथ रथ की मां हासिरानी रथ का बयान चर्चा में है, जिसमें उन्होंने दोषियों के लिए फांसी नहीं बल्कि उम्रकैद की सजा की मांग की है.
मां बोलीं, फांसी नहीं चाहिए, जिंदगी भर सजा भुगतें आरोपी
चांदीपुर स्थित घर पर बेटे की मौत की खबर मिलते ही हासिरानी रथ टूट गईं. रोते हुए उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि दोषियों को सजा जरूर मिले, लेकिन उन्हें फांसी न दी जाए. उनका कहना था कि आरोपी पूरी जिंदगी जेल में रहकर अपने किए पर पछताएं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में चुनाव के बाद जिस तरह की राजनीतिक बयानबाजी हुई, उसने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया. उन्होंने कहा कि अगर बेटे की मौत किसी हादसे में होती तो शायद इतना दुख नहीं होता, लेकिन जिस तरह से उसे तड़पा कर मारा गया, उससे पूरा परिवार टूट गया है.
राजनीतिक आरोपों के बीच जांच जारी, परिवार के साथ खड़ी भाजपा
चंद्रनाथ रथ की मां ने दावा किया कि सुवेंदु अधिकारी द्वारा ममता बनर्जी को हराने के बाद से उनका परिवार लगातार दबाव और खतरे का सामना कर रहा था. उन्होंने कुछ नेताओं के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव नतीजों के बाद हिंसा का डर पहले से जताया जा रहा था. वहीं सुवेंदु अधिकारी ने भी इस मामले में राजनीतिक एंगल होने की आशंका जताई है. हालांकि उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना ठीक नहीं होगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा परिवार मृतक के परिवार के साथ खड़ा है और हर जरूरी मदद की जाएगी. पुलिस ने चंद्रनाथ रथ के शव को पोस्टमार्टम के लिए बारासात अस्पताल भेजा है. मामले की जांच जारी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है.