Assam Government Formation: असम विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करते हुए भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने जा रही है. 12 मई को गुवाहाटी में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसकी पुष्टि राज्य के मुख्य सचिव रवि कोटा ने कर दी है. सरकार गठन को लेकर राज्य में सरगर्मियां तेज हैं. इस पल का गवाह बनने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुवाहाटी पहुंचेंगे. हालांकि मुख्यमंत्री के नाम पर अभी औपचारिक मुहर लगनी बाकी है, लेकिन माना जा रहा है कि हिमंता बिस्वा सरमा ही दोबारा कमान संभालेंगे.
तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक और सुरक्षा इंतजाम
शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई. इसमें राज्य के पुलिस महानिदेशक समेत तमाम आला अधिकारी शामिल हुए. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और प्रोटोकॉल को लेकर विस्तृत खाका तैयार किया गया है. बता दें कि हिमंता बिस्वा सरमा पहले ही राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप चुके हैं और वर्तमान में वे कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में कामकाज देख रहे हैं.
गुवाहाटी के खानपारा में जुटेगा दिग्गजों का जमावड़ा
शपथ ग्रहण का मुख्य कार्यक्रम 12 मई को गुवाहाटी के खानपारा स्थित वेटरनरी फील्ड में होगा. मुख्य सचिव रवि कोटा के अनुसार, समारोह में प्रधानमंत्री के अलावा भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी शिरकत करेंगे. चर्चा है कि देश के नामी उद्योगपति भी इस आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं. इस मेगा इवेंट के जरिए भाजपा पूर्वोत्तर में अपनी मजबूत पकड़ का संदेश देने की तैयारी में है.
126 में से 102 सीटें जीतकर रचा नया इतिहास
इस चुनाव में एनडीए गठबंधन ने 126 में से 102 सीटें जीतकर विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ कर दिया है. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक के तौर पर भेजा गया था, जिन्होंने चुनावी नतीजों के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया. दिलचस्प बात यह है कि असम के साथ-साथ भाजपा ने पश्चिम बंगाल में भी पहली बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाकर अपना परचम लहराया है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है.