Jharkhand News: झारखंड में जमीन के दस्तावेजों और म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) से जुड़े ऑनलाइन कार्यों के लिए अहम “झारभूमि” पोर्टल अगले दो दिनों तक पूरी तरह बंद रहेगा. राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने तकनीकी सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और सिस्टम को अपग्रेड करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है. इस संबंध में हजारीबाग डीसी समेत सभी जिला अवर निबंधकों को आधिकारिक सूचना भेज दी गई है ताकि विभागीय स्तर पर तैयारी पूरी रहे.
इन तारीखों को बंद रहेंगी सभी ऑनलाइन सेवाएं
विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, पोर्टल 7 मई और 8 मई 2026 को पूर्ण रूप से बंद रहेगा. इस दौरान विभाग जिला स्तर के कार्यालयों में उपयोग होने वाले कंप्यूटरों के MAC ID और IP Address को “झारनेट फायरवॉल” के साथ मैप करने का काम करेगा. उम्मीद जताई गई है कि 9 मई 2026 को दोपहर 12.00 बजे के बाद पोर्टल फिर से सामान्य रूप से काम करना शुरू कर देगा, जिसके बाद लोग अपनी लंबित फाइलों को आगे बढ़ा सकेंगे.
आम जनता के दाखिल-खारिज और लगान भुगतान पर असर
पोर्टल बंद रहने के कारण आम नागरिकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इस अवधि में ऑनलाइन लगान भुगतान, म्यूटेशन की स्थिति की जांच, खतियान देखना और नए आवेदन जमा करने जैसी “सिटिजन-सेंट्रिक” सेवाएं पूरी तरह बाधित रहेंगी. विभाग ने साफ किया है कि पोर्टल की सुरक्षा को सेंधमारी से बचाने और अनाधिकृत पहुंच को रोकने के लिए यह तकनीकी अपग्रेडेशन बेहद जरूरी है.
डेटा सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को मिले कड़े निर्देश
उप निदेशक नूतन कुमारी ने इस संबंध में सभी उपायुक्तों को कड़े निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा है कि स्वतः दाखिल-खारिज (Auto Mutation) से जुड़े किसी भी ट्रांजेक्शन का डेटा लॉस नहीं होना चाहिए, इसकी जिम्मेदारी तकनीकी टीम और जिला अधिकारियों की होगी. विभाग ने तकनीकी टीम को अल्टीमेटम दिया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया जाए ताकि जनता को अधिक समय तक परेशानी न झेलनी पड़े.