Bengal Political News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है. चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तुरंत इस्तीफा नहीं दिया, जिससे राज्य में संवैधानिक स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई. इसी बीच राज्यपाल आर.एन. रवि ने बड़ा कदम उठाते हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा को भंग कर दिया और कैबिनेट को प्रभावी रूप से समाप्त कर दिया.
भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत
चुनाव परिणामों में भाजपा ने 294 में से 200 से अधिक सीटों पर बढ़त और जीत दर्ज कर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया. वहीं तृणमूल कांग्रेस को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अपनी भवानीपुर सीट से हार गईं. कई वरिष्ठ मंत्री भी चुनाव नहीं जीत सके, जिसे राजनीतिक विश्लेषक जनता के बड़े जनादेश के रूप में देख रहे हैं.
इस्तीफे को लेकर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इस्तीफा देने से इनकार किया था. इसके बाद राज्यपाल ने संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए विधानसभा भंग करने का आदेश जारी किया. इस फैसले के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है.
भाजपा ने बताया लोकतंत्र की जीत
भाजपा नेताओं ने इसे लोकतंत्र और जनता के जनादेश की जीत बताया है. पार्टी अब नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री पद को लेकर रणनीति बनाने में जुट गई है. वहीं तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया और प्रशासनिक फैसलों पर सवाल उठाए हैं, जिससे बंगाल की राजनीति और गरमा गई है.