Jamshedpur: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की हैं। इनमें से एक स्कूटी के पार्ट्स खोलकर बेचने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
गश्ती के दौरान पुलिस को मिला सुराग
जानकारी के अनुसार 06 और 07 मई 2026 की रात सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे एआईडब्ल्यूसी स्कूल के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस वाहन को देखकर दोनों युवक घबराकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। हालांकि गश्ती दल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में अपनी पहचान रंजीत दिवर और शेखर प्रमाणिक के रूप में बताई। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल के कागजात मांगे तो दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है।
खंडहर क्वार्टर में छिपाकर रखी गई थीं चोरी की स्कूटी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके दो अन्य साथी सिदगोड़ा बारीडीह हाई स्कूल के पास स्थित एक खाली पड़े खंडहरनुमा क्वार्टर में चोरी की स्कूटी छिपाकर रखे हुए हैं। साथ ही स्कूटी के पार्ट्स खोलकर बेचने की तैयारी भी की जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी की और वहां से दो अन्य युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
मौके से दो चोरी की स्कूटी बरामद की गईं, जिनमें एक स्कूटी के कई पार्ट्स पहले ही खोले जा चुके थे। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है और पूरे मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में रंजीत दिवर निवासी ओल्ड पुरुलिया रोड मानगो, शेखर प्रमाणिक निवासी बाबूडीह लालभट्टा सिदगोड़ा, संतोष भुईया उर्फ गोलू निवासी भुईयाडीह कान्हू भट्टा और राज खान उर्फ आयुब अंसारी उर्फ फिरोज खान निवासी बाबूडीह लालभट्टा सिदगोड़ा शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, होंडा एक्टिवा स्कूटी और सुजुकी कंपनी की नीले रंग की स्कूटी बरामद की है, जिसके पार्ट्स खोले गए थे।