Ramgarh News : रामगढ़ जिले के बरका सयाल क्षेत्र अंतर्गत भुरकुंडा कोलियरी की संगम खदान में संचालित आर ए माइनिंग आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ शुक्रवार को रैयत विस्थापित मोर्चा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कंपनी का काम पूरी तरह बंद करा दिया।बताया गया कि बड़ी संख्या में विस्थापित ग्रामीण पारंपरिक हथियारों के साथ खदान पहुंचे और डुगडुगी बजाकर कंपनी के कार्य को रुकवा दिया। आंदोलन झारखंड मुक्ति मोर्चा के बैनर तले किया गया।
विस्थापितों को दरकिनार करने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि सीसीएल प्रबंधन और आर ए माइनिंग कंपनी ने विस्थापितों से बातचीत किए बिना ही खदान में कार्य शुरू कर दिया। जबकि एक दिन पहले ही पूरे विधि-
विधान के साथ परियोजना का शुभारंभ किया गया था।
विस्थापितों ने कहा कि खदान संचालन शुरू करने से पहले न तो उनसे कोई वार्ता की गई और न ही किसी प्रकार की सूचना दी गई। उनका कहना है कि जब तक प्रबंधन उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करता, तब तक खदान का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।
नौकरी और पुनर्वास की मांग पर अड़े ग्रामीण
रैयत विस्थापित मोर्चा के सदस्यों ने नौकरी, उचित मुआवजा और पुनर्वास की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान ग्रामीण काफी आक्रोशित नजर आए।
वहीं मौके पर मौजूद सीसीएल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारी आंदोलनकारियों को समझाने और वार्ता के जरिए समाधान निकालने का प्रयास करते रहे।