Dhanbad News : वर्ष 2017 की होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों ने नियुक्ति की मांग को लेकर शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग उठाई।अभ्यर्थियों का आरोप है कि बहाली प्रक्रिया पूरी होने और चयन सूची जारी होने के बावजूद अब तक उन्हें नियुक्ति नहीं दी गई है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि वर्ष 2017 में होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी और शारीरिक दक्षता परीक्षा समेत अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद चयन सूची भी जारी कर दी गई थी।
वीडियोग्राफी की सीडी गायब होने के बाद रुकी प्रक्रिया
अभ्यर्थियों ने बताया कि बाद में यह कहकर बहाली प्रक्रिया रोक दी गई कि भर्ती से संबंधित वीडियोग्राफी की सीडी नजारत कार्यालय से गायब हो गई है। उनका कहना है कि यदि सीडी गायब हुई है तो यह विभागीय लापरवाही है, जिसकी सजा चयनित अभ्यर्थियों को नहीं मिलनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्षों की मेहनत और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्ति नहीं मिलना उनके साथ अन्याय है। कई अभ्यर्थियों की उम्र अब सरकारी नौकरी की सीमा के करीब पहुंच चुकी है, जिससे उनमें भारी निराशा है।
पुरानी बहाली लंबित, फिर नई प्रक्रिया क्यों :- अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों ने सरकार पर नियुक्ति प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब वर्ष 2017 की बहाली प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई तो वर्ष 2023 में नई बहाली प्रक्रिया शुरू करना समझ से परे है।
धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि वीडियोग्राफी सीडी गायब होने की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए ताकि दोषियों पर कार्रवाई हो सके।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे अनिश्चितकालीन अनशन और आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।