Jharkhand News: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के ट्रांसफर एवं पदस्थापना से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए बड़ा फैसला लिया है. मुख्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश में पहले से बनी समिति में बदलाव करते हुए नई “शिकायत कोषांग समिति” का पुनर्गठन किया गया है.
इस नई समिति का काम पुलिसकर्मियों की ट्रांसफर, पोस्टिंग और पदस्थापना से जुड़े अनुरोधों एवं शिकायतों की सुनवाई करना होगा. अब ऐसे मामलों को उच्च स्तर पर जांचकर निर्णय लिया जाएगा, जिससे पुलिसकर्मियों को अपनी बात सीधे मुख्यालय तक पहुंचाने का मौका मिलेगा.
एडीजी मनोज कौशिक की अध्यक्षता में बनी समिति
नई समिति में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है.
• अध्यक्ष: मनोज कौशिक (एडीजी मुख्यालय)
• सदस्य: असीम विक्रांत मिंज (आईजी सीआईडी)
• सदस्य: पंकज कंबोज (आईजी मानवाधिकार)
• सदस्य सचिव: सुरेन्द्र कुमार झा (डीआईजी कार्मिक)
यह समिति पुलिस विभाग के कर्मियों द्वारा दिए गए आवेदनों और शिकायतों की समीक्षा करेगी तथा आवश्यक निर्णय लेगी.
पारदर्शिता और त्वरित समाधान पर जोर
पुलिस मुख्यालय ने 4 मई 2026 को जारी पुराने आदेश में संशोधन करते हुए यह नई व्यवस्था लागू की है. इस कदम का उद्देश्य विभाग के भीतर पारदर्शिता बढ़ाना और ट्रांसफर से जुड़े मामलों का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना है.
अब स्थानांतरण या पदस्थापना को लेकर किसी भी तरह की शिकायत या अनुरोध सीधे इस समिति के समक्ष रखा जा सकेगा. माना जा रहा है कि इससे पुलिसकर्मियों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा और विभागीय प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित बनेगी.