Adityapur: आदित्यपुर और जमशेदपुर को जोड़ने वाले खरकाई ब्रिज पर लंबे समय से अवैध रूप से फल के ठेले लगाए जाने का मामला आखिरकार प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया। इस मुद्दे को लगातार न्यूज 26 झारखंड द्वारा प्रमुखता से उठाया जा रहा था। खबरों में यह दिखाया गया था कि पुल पर ठेले लगने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और सड़क हादसों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। मामला सामने आने के बाद आदित्यपुर नगर निगम सक्रिय हुआ और अवैध रूप से लगाए गए ठेलों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
पुल पर लगे ठेलों पर लगाया गया जुर्माना
नगर निगम की टीम ने खरकाई ब्रिज पहुंचकर पुल पर लगे सभी अवैध फल ठेलों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कई ठेला संचालकों से जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी कि यदि दोबारा पुल पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किया गया तो और सख्त कदम उठाए जाएंगे। निगम प्रशासन ने कहा कि अगली बार ठेले जब्त किए जा सकते हैं और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने जताई राहत
नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि पुल पर दोनों ओर ठेले लगने से हर दिन जाम की स्थिति बन जाती थी। स्कूली बच्चों, मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस और आम राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार बाइक सवार हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे थे। लोगों ने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।
अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा- नगर निगम
नगर निगम अधिकारियों ने साफ कहा कि खरकाई पुल सार्वजनिक संपत्ति है और यहां किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए आगे भी नियमित निगरानी की जाएगी ताकि दोबारा पुल पर अवैध ठेले या अतिक्रमण न हो सके।