Sanjeev Arora Arrest: पंजाब की AAP सरकार को शनिवार को बड़ा झटका लगा, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को कथित 100 करोड़ रुपये के फर्जी GST बिल और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर करीब सात घंटे तक चली पूछताछ और छापेमारी के बाद एजेंसी ने उन्हें हिरासत में लिया। इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति में हड़कंप मच गया है।
पांच ठिकानों पर रेड, फर्जी बिलिंग और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
ED ने शनिवार सुबह एक साथ पांच परिसरों में छापेमारी की। इनमें चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास के अलावा दिल्ली और गुरुग्राम के ठिकाने शामिल रहे। जांच एजेंसी ने ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली। अधिकारियों के मुताबिक मामला धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज किया गया है। संजीव अरोड़ा पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी GST खरीद बिलों के जरिए वित्तीय हेरफेर करने का आरोप है। सूत्रों के अनुसार इस मामले में उनके बेटे से भी पूछताछ की जा रही है।
भगवंत मान का केंद्र पर हमला, एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
मंत्री की गिरफ्तारी के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा। संगरूर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्षी राज्यों को निशाना बनाने के लिए ED और CBI जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। मान ने कहा कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और बिहार के बाद अब पंजाब को राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार बनाया जा रहा है।
पंजाब की सियासत में बढ़ी गर्मी, विपक्ष भी हमलावर
संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति में बयानबाज़ी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया है, जबकि विपक्षी दल सरकार को घेरने की तैयारी में जुट गए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मामला और राजनीतिक तूल पकड़ सकता है। फिलहाल ED मंत्री से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि कथित घोटाले की पूरी परतें खोली जा सकें।