Palamu News : जिले के पांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलहरा गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जोगनी पहाड़ निवासी उमेश राम के पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया है।परिजनों के अनुसार संजय कुमार शुक्रवार रात खाना खाने के बाद घर के बाहर सोया हुआ था। शनिवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो वह अपने स्थान पर नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद उसका शव घर से कुछ दूरी पर जमीन पर पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।परिवार का आरोप है कि संजय कुमार की हत्या करने के बाद शव के गले में गमछा डाल दिया गया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी टीम
सूचना मिलने के बाद पांडू थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। वहीं घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।