Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में किसानों को समय पर और निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन ने खाद दुकानों के खिलाफ निरीक्षण अभियान शुरू किया है. उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों ने खाद दुकानों की जांच की.
अभियान के तहत सरायकेला और चांडिल अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की खाद दुकानों का निरीक्षण किया.
जांच के दौरान दुकानों में उपलब्ध उर्वरक स्टॉक, स्टॉक पंजी, बिक्री रजिस्टर, भंडारण व्यवस्था, दर सूची और अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई.
प्रशासन की ओर से दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी उर्वरक निर्धारित सरकारी दर पर ही बेचे जाएं. साथ ही स्टॉक और बिक्री से जुड़े सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा गया.
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि खाद खरीदते समय रसीद जरूर लें और किसी प्रकार की गड़बड़ी या अधिक कीमत वसूले जाने की सूचना तुरंत प्रखंड या जिला प्रशासन को दें.