Khunti News: झारखंड के खूंटी जिले में गुमला सीमा के पास पुलिस ने डोडा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रनिया थाना क्षेत्र के भालूटोली के पास पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक से करीब 50 बोरा डोडा बरामद किया। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए डोडा के बोरों को ट्रक में नीचे छिपाकर उसके ऊपर भूसा लाद दिया था।
सुबह 4 बजे मिली गुप्त सूचना, पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 4 बजे खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली कि भालूटोली इलाके में अवैध डोडा की खेप पहुंची है। सूचना मिलते ही तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी।
झाड़ियों के पास खड़े ट्रक से मिले 50 बोरा डोडा
पुलिस ने भालूटोली के पास झाड़ियों के समीप खड़े संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक के ऊपर भूसा और उसके नीचे छिपाकर रखे गए 50 बोरा डोडा बरामद किए गए। पुलिस की दबिश पड़ते ही चालक, खलासी और डोडा के खरीददार मौके से फरार हो गए।
यूपी नंबर के ट्रक से हो रही थी तस्करी, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने ट्रक सहित पूरे डोडा को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि ट्रक पर उत्तर प्रदेश का नंबर लगा हुआ था। एसडीपीओ ने कहा कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा होने की उम्मीद है।