Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और वैश्विक राजनीतिक हलचलों का असर शुक्रवार को बाजार पर साफ दिखाई दिया। बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में बिकवाली के चलते सेंसेक्स 516 अंक टूटकर 77,328 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 151 अंक फिसलकर 24,176 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार की इस कमजोरी ने निवेशकों की चिंता जरूर बढ़ाई है, लेकिन एक्सपर्ट इसे खरीदारी का मौका मान रहे हैं।
गिरावट में कमाई का मौका, Buy-on-Dips मोड में बाजार
आनंद राठी के सीनियर टेक्निकल रिसर्चर गणेश डोंगरे का कहना है कि मौजूदा बाजार पूरी तरह “Buy-on-Dips”मोड में आ चुका है। उनके मुताबिक निफ्टी के लिए 23,500 से 23,800 का स्तर मजबूत सपोर्ट रहेगा, जबकि 24,800 से 25,000 की रेंज बड़ी रुकावट बन सकती है। अगर निफ्टी 24,800 के ऊपर टिकता है तो जल्द 25,300 तक पहुंचने की संभावना है। वहीं बैंक निफ्टी के लिए 54,500 से 55,000 का स्तर बेहद अहम माना जा रहा है।
सोमवार के लिए एक्सपर्ट के तीन दमदार शेयर
गणेश डोंगरे ने सोमवार 11 मई के लिए तीन खास शेयरों पर दांव लगाने की सलाह दी है। पहली पसंद Emcure Pharma है, जिसे 1640 से 1660 रुपये के बीच खरीदने की सलाह दी गई है। इसका टारगेट 1730 रुपये और स्टॉप लॉस 1615 रुपये रखा गया है। दूसरी पसंद KFin Tech है, जिसे 910 से 920 रुपये की रेंज में खरीदने की सलाह दी गई है। इस शेयर का टारगेट 980 रुपये और स्टॉप लॉस 890 रुपये तय किया गया है। वहीं तीसरे शेयर Mazagon Dock Shipbuilders को 2640 से 2660 रुपये के बीच खरीदने की सलाह दी गई है, जिसका टारगेट 2750 रुपये और स्टॉप लॉस 2580 रुपये रखा गया है।
अमेरिका-ईरान बातचीत पर टिकी बाजार की नजर
आने वाले सप्ताह में बाजार की दिशा काफी हद तक अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली बातचीत पर निर्भर करेगी। इसके अलावा विदेशी और घरेलू संस्थागत निवेशकों की गतिविधियां भी बाजार की चाल तय करेंगी। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस समय अनुशासन और स्टॉप लॉस का सख्ती से पालन करना ही निवेशकों के लिए सबसे बड़ी रणनीति साबित होगा।