Palamu: नशे के सौदागरों के खिलाफ पलामू पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (SP) को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर पांकी थाना क्षेत्र के दुबईया माइन गांव में छापेमारी की गई। जहां एक घर में छिपाकर रखा गया करीब साढे़ छह किलो गांजा और लगभग दो लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस दबिश से इलाके के अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
एसपी की विशेष टीम ने डाला डेरा, पिता-पुत्र फरार
पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि अनुज सिंह उर्फ अनुज दूबे अपने घर से गांजे की बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए लेस्लीगंज एसडीपीओ मनोज कुमार झा के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। जैसे ही पुलिस की टीम ने अनुज सिंह के घर को चारों तरफ से घेरा, आरोपी अनुज और उसका बेटा विकास कुमार पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे। हालांकि, पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
अलमारी से निकला नकदी का ढेर और नशीला सामान
जब पुलिस ने घर की सघन तलाशी ली, तो टीम के होश उड़ गए। घर के भीतर से अलग-अलग पैकेटों में भरा कुल 6.608 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इतना ही नहीं, विकास कुमार के कमरे की अलमारी से पुलिस को 1,99,500 रुपये नकद मिले (500-500 के 399 नोट)। पुलिस का मानना है कि यह बड़ी रकम नशे के अवैध कारोबार से ही जुटाई गई थी। पुलिस ने बरामद गांजा और नकदी को विधिवत जब्त कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुलिस की चेतावनी
इस पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ के साथ उप निरीक्षक रविन्द्र राहुल साय, रंजीत कुमार और भारी संख्या में पुलिस बल शामिल था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फरार पिता-पुत्र की तलाश के लिए पुलिस तकनीकी सेल की भी मदद ले रही है।