Ranchi News : झारखंड की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार प्रशासनिक स्तर पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है।प्रतुल शाहदेव ने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के 2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रति लाख आबादी पर हत्या के मामलों में झारखंड देश में शीर्ष राज्यों में पहुंच गया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 में राज्य में 1472 हत्या के मामले दर्ज हुए और हत्या का अनुपात 3.7 प्रति लाख आबादी रहा, जबकि राष्ट्रीय औसत 1.9 है।उन्होंने कहा कि झारखंड तेजी से अपराध प्रभावित राज्यों की सूची में शामिल होता जा रहा है और राज्य में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है।
डीएसपी की पोस्टिंग नहीं होने पर भी उठाए सवाल, सरकार से कार्रवाई की मांग
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े छह वर्षों में राज्य में 10 हजार से अधिक दुष्कर्म, 11 हजार से ज्यादा अपहरण और 9250 से अधिक हत्याएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े राज्य की खराब होती कानून व्यवस्था की गंभीर तस्वीर पेश करते हैं।
प्रतुल शाहदेव ने सरकार पर प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जुलाई 2022 में नियुक्त 39 डीएसपी ने अक्टूबर 2023 में अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया था, लेकिन अब तक उनकी पोस्टिंग नहीं की गई है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य अपराध की बढ़ती घटनाओं से जूझ रहा है, तब प्रशिक्षित अधिकारियों को जिम्मेदारी क्यों नहीं दी जा रही है। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार इन अधिकारियों के वेतन और भत्तों पर करोड़ों रुपये खर्च कर चुकी है, लेकिन उनकी तैनाती नहीं होना सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
भाजपा ने राज्य सरकार से कानून व्यवस्था में सुधार और अपराध नियंत्रण के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।