Ranchi Crime News: राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित फ्यूचरिस्टिक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की जनरल ड्यूटी परीक्षा में धांधली का मामला सामने आया है. एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में ऋषिकेश कुमार यादव (मधुबनी), आर्यन कुमार (कोडरमा), राहुल कुमार (हजारीबाग), रवि रंजन कुजूर (गुमला), राजकुमार (पटना) और अनु कुमारी (अरवल) शामिल हैं.
रिमोट एक्सेस के जरिए सिस्टम में तकनीकी हेरफेर
प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी ने बताया कि जब पुलिस टीम केंद्र के भीतर पहुंची, तो वहां कई कंप्यूटरों के कर्सर अपने आप चलते हुए पाए गए. जांच में पता चला कि सिस्टम को रिमोट एक्सेस के जरिए बाहर से नियंत्रित कर प्रश्नों को हल किया जा रहा था. खुद SSC की ओर से भी पुलिस को इस तकनीकी गड़बड़ी की शिकायत मिली थी. पुलिस ने मौके से 6 कंप्यूटर, 1 सीपीयू, 2 सीसीटीवी डीवीआर, 2 फायरवॉल, 2 सी-डैक बॉक्स, राउटर, मोबाइल और एडमिट कार्ड बरामद किए हैं.
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस, सुखदेव नगर थाना में प्राथमिकी
इस संगठित धांधली को लेकर सुखदेव नगर थाना में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य मास्टरमाइंड्स की तलाश में जुटी हुई है. अधिकारियों का मानना है कि इस खेल के पीछे कोई बड़ा गिरोह हो सकता है जो अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर उन्हें ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा में नकल करवाता था. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की छापेमारी की जा रही है.