Jharkhand News: गुमला के बिशुनपुर प्रखंड के सेरका पंचायत में रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ी गई महिला पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने चार्जशीट दाखिल कर दी है. सोमवार को कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट में एजेंसी ने पूरे मामले का सिलसिलेवार विवरण दिया है. साथ ही पंचायत सचिव पर लगे आरोपों को साबित करने के लिए कई अहम सबूत भी अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं.
ACB के अनुसार, किरण कुसुम खलखो पर बकाया राशि के भुगतान और अंतिम बिल पास कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है. जांच एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में मामले से जुड़े कई तथ्यों और साक्ष्यों का उल्लेख किया है.
चार्जशीट दाखिल होने के बाद अदालत ने अभियोजन स्वीकृति का इंतजार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 21 मई को तय की है.
गौरतलब है कि ACB ने 12 मार्च को गुमला जिले में कार्रवाई करते हुए किरण कुसुम खलखो को गिरफ्तार किया था. उस समय वह बिशुनपुर प्रखंड के सेरका पंचायत में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थी. उस पर 8 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप था, जिसके बाद ACB ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया था.
फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है. रांची स्थित ACB कोर्ट उसकी जमानत याचिका पहले ही खारिज कर चुकी है. इसके बाद उसने जमानत के लिए झारखंड हाई कोर्ट का रुख किया है.