Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला विकास, जिला योजना एवं जिला ग्रामीण विकास शाखा अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना निर्माण, आवास योजनाओं और मनरेगा कार्यो की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात से पहले अधिक से अधिक योजनाओं को पूर्ण करने पर जोर दिया।
अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करने की हिदायत
उपायुक्त ने सभी बीडीओ एवं अंचल अधिकारियों को प्रखंड मुख्यालय में आवासित रहने, समय पर कार्यालय पहुंचने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और जनसंपर्क प्रशासनिक कार्यसंस्कृति का अहम हिस्सा है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या मुख्यालय से बाहर रहने की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।
आवास और मनरेगा योजनाओं पर विशेष फोकस
लंबित आवास निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्लींथ और लिंटर स्तर तक के निर्माण कार्य मई माह के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया। वहीं मनरेगा योजनाओं की समीक्षा में सभी बीपीओ को एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक गांव में कम से कम पांच योजनाएं संचालित करने को कहा गया। जल संरक्षण, ग्रामीण सड़क, तालाब और सामुदायिक परिसंपत्तियों से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने तथा ग्रामीण मजदूरों को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।
विभिन्न निधियों से संचालित योजनाओं की समीक्षा
बैठक में डीएमएफटी, अनाबद्ध निधि, नीति आयोग फंड, सांसद निधि एवं विधायक निधि से संचालित विकास कार्यो की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सभी बीडीओ, सीओ, बीपीओ सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।