Ranchi: कोकर के खोरहा टोली से लापता 18 महीने की मासूम अदिति पांडे का सुराग न मिलने पर अब राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन को 36 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
परिजनों से मिले भाजपा नेता, सुस्त कार्रवाई पर जताई नाराजगी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सोमवार को बच्ची के परिजनों से मिलने उनके आवास पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी मासूम का पता न चलना कानून-व्यवस्था की विफलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन इस मामले में जितनी सक्रियता दिखानी चाहिए थी, वह धरातल पर नजर नहीं आ रही है। साहू ने दोटूक शब्दों में कहा कि एक अबोध बच्ची का गायब होना पूरे शहर के लिए चिंता का विषय है और भाजपा इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।
36 घंटे का अल्टीमेटम, "सड़क पर उतरेंगे कार्यकर्ता"
प्रशासनिक शिथिलता पर कड़ा प्रहार करते हुए आदित्य साहू ने सरकार से मांग की है कि बच्ची की सुरक्षित बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 36 घंटे के भीतर पुलिस अदिति को खोजने में विफल रहती है, तो भाजपा राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि न्याय के लिए पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
पार्टी के दिग्गज नेताओं ने भरी हुंकार
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष के साथ भाजपा के कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, विधायक सीपी सिंह, पूर्व महापौर रोशनी खलखो और पूर्व उप महापौर संजीव विजयवर्गीय शामिल थे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक बच्ची अपने माता-पिता के पास सकुशल वापस नहीं आ जाती, तब तक भाजपा चुप नहीं बैठेगी और परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।