Seraikela: नीमडीह स्थित J.K.S.J.M. इंटर कॉलेज आदारडीह के Arts, Science और Commerce संकाय के करीब 300 छात्र-छात्राओं का रिजल्ट अब तक ऑनलाइन जारी नहीं होने से छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। कॉलेज प्रबंधन ने सोमवार को आपात बैठक कर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक बोर्ड) से जवाब मांगा है। बोर्ड की ओर से शाम 5 बजे तक परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया गया है।
ऑनलाइन नहीं दिख रहा रिजल्ट
चांडिल अनुमंडल के नीमडीह स्थित कॉलेज में सोमवार को उप प्राचार्य पुरुषोत्तम महतो की अध्यक्षता में सभी कमेटियों की बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि करीब 300 छात्रों का रिजल्ट जैक बोर्ड की वेबसाइट पर प्रदर्शित नहीं हो रहा है। इससे कॉलेज परिसर में चिंता और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
फॉर्म सही भरे, प्रैक्टिकल अंक भी भेजे गए
उप प्राचार्य पुरुषोत्तम महतो ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन द्वारा सभी छात्रों के परीक्षा फॉर्म सही तरीके से भरे गए थे। छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया और प्रैक्टिकल के अंक भी समय पर बोर्ड को भेज दिए गए थे। इसके बावजूद रिजल्ट जारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि पिछले 15 वर्षों से कॉलेज का रिजल्ट लगभग 95 प्रतिशत तक रहा है।
फिलहाल कॉलेज के प्राचार्य रांची स्थित जैक बोर्ड कार्यालय गए हुए हैं, जहां बोर्ड की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है। शाम 5 बजे तक परिणाम जारी होने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों के छात्र प्रभावित
इस कॉलेज में सरायकेला-खरसावां के अलावा जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और पश्चिम बंगाल से भी छात्र पढ़ाई करने आते हैं। रिजल्ट जारी नहीं होने से सैकड़ों छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि परिणाम में देरी से बच्चों के एडमिशन और भविष्य पर असर पड़ सकता है।
कॉलेज प्रबंधन ने दी चेतावनी
कॉलेज प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि यदि शाम 5 बजे तक लंबित परिणाम जारी नहीं किए गए, तो जैक बोर्ड के खिलाफ आंदोलन और कार्रवाई की मांग तेज की जाएगी। फिलहाल छात्र, अभिभावक और कॉलेज प्रबंधन सभी की निगाहें जैक बोर्ड पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि बोर्ड लंबित रिजल्ट कब तक जारी करता है।