Ichagarh News: सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम पंचायत स्थित ईचागढ़ गांव में ग्रामीणों की सतर्कता से मवेशी चोरी की बड़ी वारदात टल गई. मामले का खुलासा आज मंगलवार को हुआ. बताया जा रहा है कि रविवार देर रात ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है.
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 11 बजे गांव में एक काले रंग की स्कॉर्पियो संदिग्ध हालत में कई बार घूमती नजर आई. वाहन की गतिविधियों पर शक होने के बाद ग्रामीण सतर्क हो गए और निगरानी शुरू कर दी.
देर रात स्कॉर्पियो से चार युवक उतरे और गांव के एक घर के पास पहुंचकर मवेशी चोरी का प्रयास करने लगे. इसी दौरान आहट मिलने पर ग्रामीणों ने शोर मचाया. खुद को घिरता देख चारों युवक भागने लगे और पास की नदी में कूद गए.
ग्रामीणों ने पूरी रात नदी किनारे निगरानी जारी रखी. सोमवार सुबह करीब 6 बजे एक युवक नदी से निकलकर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया.
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह कपाली टीओपी क्षेत्र का रहने वाला है. उसने यह भी स्वीकार किया कि उसके साथ आए तीन अन्य साथी मौके से फरार हो गए हैं. इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को ईचागढ़ थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार मवेशी चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं. कुछ दिन पहले चांडिल बांध मठिया इलाके में भी गौ चोरी की घटना सामने आई थी. वहीं चांडिल स्टेशन क्षेत्र में भी ऐसी वारदातें लगातार हो रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद पुलिस ने अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई. लोगों का कहना है कि अगर ग्रामीण समय रहते सतर्क नहीं होते, तो बड़ी चोरी हो सकती थी.
ग्रामीणों ने फरार तीनों आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, पकड़े गए युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मामले की निष्पक्ष जांच और गांव में नियमित रात्रि गश्त शुरू करने की मांग की है. फिलहाल ईचागढ़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.