Jamtara News: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. पबिया गांव के पास बालू लदे ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने गोबिंदपुर साहेबगंज हाईवे जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई. सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई.
किसी काम से जा रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार दुधानी गांव निवासी राजा मणि मंडल अपने साथी रायडीह निवासी राज कुमार सिंह के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान पबिया गांव के पास सामने से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राजा मणि मंडल ट्रैक्टर की चपेट में आ गए. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उनके साथी राज कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए.
मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है.
अवैध बालू ढुलाई पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
हादसे से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने गोबिंदपुर साहेबगंज हाईवे जाम कर दिया. लोगों का आरोप है कि इलाके में अवैध बालू ढुलाई करने वाले ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चलते हैं और प्रशासन की लापरवाही की वजह से आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद तेज रफ्तार और अवैध बालू परिवहन पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई. इसी लापरवाही की वजह से एक और परिवार उजड़ गया.
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार
घटना की सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की. काफी देर तक सड़क जाम रहने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.