Jamshedpur: साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह निवासी एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक दर्दनाक हादसे का शिकार हुए 61 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान काशीडीह लाइन नंबर-23 निवासी परवीन जायसवाल के रूप में हुई है। पिछले 16 दिनों से टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में जिंदगी की जंग लड़ रहे परवीन जायसवाल ने मंगलवार को अंतिम सांस ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
रिसेप्शन की खुशियों में पड़ा खलल, चक्कर आने से हुआ हादसा
यह दर्दनाक घटना बीते 26 अप्रैल की है। परवीन जायसवाल के भतीजे का रिसेप्शन समारोह धालभूम क्लब में आयोजित था। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार जश्न के माहौल में डूबे थे और परवीन खुद व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे थे। इसी बीच वे किचन एरिया की ओर गए, जहां बड़े कड़ाहे में तेल खौल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक उन्हें चक्कर आया और वे अपना संतुलन खो बैठे, जिससे वे सीधे गर्म तेल के कड़ाहे में जा गिरे।
16 दिनों तक TMH में चला इलाज
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उन्हें गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम उन्हें बचाने की पूरी कोशिश कर रही थी, लेकिन शरीर का काफी हिस्सा झुलस जाने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। लगभग दो सप्ताह तक मौत को मात देने की कोशिश करने के बाद आखिरकार मंगलवार को उनकी सांसें थम गईं।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद शव शोकाकुल परिजनों के हवाले कर दिया गया। एक छोटे से हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को उम्र भर के गम में बदल दिया है।