Ranchi News : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने NEET परीक्षा विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा रद्द होना केंद्र सरकार की बड़ी विफलता है और इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि पेपर लीक और भ्रष्टाचार ने मेहनत करने वाले छात्र-छात्राओं के सपनों को तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह नाकाम रही है।
गरीब छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गरीब परिवार अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की, ताकि छात्रों का विश्वास कायम रह सके।
इरफान अंसारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए।