Ranchi News : रांची विश्वविद्यालय की नवनियुक्त कुलपति डॉ. सरोज शर्मा की नियुक्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आदिवासी छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सह कुलाधिपति से मुलाकात की और नियुक्ति रद्द करने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले से जुड़े दस्तावेज और समाचार पत्रों की कतरनें भी राजभवन को सौंपीं। छात्र संघ का आरोप है कि विवादित पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति की नियुक्ति राज्य के सामाजिक न्याय और शैक्षणिक माहौल के खिलाफ है।
दलित कर्मचारी प्रताड़ना और आत्महत्या मामले का हवाला
संघ के नेताओं ने बताया कि डॉ. सरोज शर्मा के खिलाफ दिल्ली के बादली थाना में कांड संख्या 863/2024 दर्ज है। आरोप है कि यह मामला राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान में कार्यरत एक दलित स्टाफ ड्राइवर की कथित प्रताड़ना और आत्महत्या से जुड़ा हुआ है।
छात्र संघ का कहना है कि डॉ. शर्मा पर एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम और बीएनएस की धारा 108 के तहत गंभीर आरोप लगे हैं।
आंदोलन की चेतावनी, सामाजिक न्याय का उठाया मुद्दा
आदिवासी छात्र संघ ने कहा कि झारखंड जैसे आदिवासी और दलित बहुल राज्य में इस तरह के आरोपों से जुड़े व्यक्ति को विश्वविद्यालय का शीर्ष पद देना गलत संदेश देता है।
प्रतिनिधिमंडल में दयाराम, अमृत मुंडा समेत कई सदस्य शामिल थे। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि नियुक्ति पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो वे आंदोलन शुरू करेंगे।