Ranchi News : झारखंड के चर्चित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में आरोपी बुलबुल उर्फ अमृत राज की जमानत याचिका पर अदालत में सुनवाई हुई। मामले की सुनवाई अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में हुई, जहां बचाव पक्ष की ओर से विस्तृत बहस पेश की गई। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 16 मई की तारीख तय की है।जांच एजेंसियों के अनुसार बुलबुल उर्फ अमृत राज पेपर लीक और सॉल्वर गिरोह से जुड़े एजेंट के तौर पर काम कर रहा था। आरोप है कि उसने लीक हुआ प्रश्नपत्र सॉल्वर गैंग तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
अभ्यर्थियों को पहले से याद कराए जा रहे थे सवाल-जवाब
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह द्वारा अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्न और उनके जवाब याद कराए जा रहे थे, ताकि परीक्षा में धांधली की जा सके।
गौरतलब है कि 11 अप्रैल को तमाड़ पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रड़गांव इलाके से 166 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गिरोह से जुड़े पांच एजेंट भी शामिल थे, जबकि बाकी अधिकांश आरोपी परीक्षा अभ्यर्थी बताए गए थे।
जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटीं
प्रारंभिक कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियों ने लगातार छापेमारी और पूछताछ जारी रखी। मामले में बाद में भी कई अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।
जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं और यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि पेपर लीक गिरोह किन-किन राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
इस मामले में अब तक गिरफ्तार 158 आरोपियों को अदालत से जमानत मिल चुकी है।