Jamshedpur: कोवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेगनाडीह-पोटका मुख्य पथ पर बुधवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी। टाटा स्टील कंपनी के कचरा निष्पादन के लिए बन रहे निर्माणाधीन प्लांट गेट के समीप एक अनियंत्रित ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
मृतकों की पहचान और निवास
दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान जोड़ों माहली (उर्फ काला माहुरी) और काला माहली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक बुकामडीह गांव के निवासी थे।
काम से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काला और जोगो दोनों काम खत्म करने के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर भालकी की ओर से अपने घर बुकामडीह लौट रहे थे। इसी दौरान घटनास्थल पर नल-जल योजना के तहत पाइप बिछाने के काम में लगे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए जमशेदपुर भेजा गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से बुकामडीह क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का बुरा हाल है।