Air Blast In Coal Mine: पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित इस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (ECL) के कुनुस्तोरिया क्षेत्र की पड़ाशिया कोलियरी में एक बड़ा हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, सुबह की पहली शिफ्ट में जब श्रमिक खदान के 27 नंबर विभाग में कोयला कटाई का काम कर रहे थे, तभी अचानक एक परत से तेज एयर ब्लास्ट हुआ। इस विस्फोट से खदान के भीतर वायु का इतना जबरदस्त दबाव बना कि वहां मौजूद श्रमिक दूर जा गिरे। प्रारंभिक सूचनाओं के मुताबिक, इस घटना में 40 से अधिक श्रमिक घायल हुए हैं और एक श्रमिक की मौत की खबर है, हालांकि प्रबंधन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
धूल और धुएं के गुबार से मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे हुए इस जोरदार धमाके के बाद पूरी खदान धूल और धुएं से भर गई। हादसे के वक्त खदान के अंदर दो अधिकारियों समेत लगभग 20 से 25 कर्मचारी मौजूद थे। एयर ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि मशीनरी को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद बचाव दल ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को रानीगंज के बांसड़ा एरिया अस्पताल, ईसीएल के अन्य अस्पतालों और दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कोलियरी के अतिरिक्त प्रबंधक दिलीप कुमार भी शामिल हैं।
सुरक्षा में चूक का आरोप और श्रमिक संगठनों का प्रदर्शन
इस भयावह दुर्घटना ने खदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के विरोध में विभिन्न श्रमिक संगठनों ने कोलियरी परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। संगठनों का सीधा आरोप है कि खदान प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।