फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही थी लुफ्थांसा की फ्लाइट
जानकारी के मुताबिक लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट एलएच 754 जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही थी. उड़ान के दौरान एयरलाइन के कस्टमर सपोर्ट को एक धमकी भरा ईमेल मिला. इस ईमेल में दावा किया गया था कि विमान में बम रखा गया है और शमशाबाद पहुंचने से पहले उसे उड़ा दिया जाएगा.
ईमेल सामने आते ही एयरलाइन और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों के बीच हड़कंप मच गया. एयर ट्रैफिक कंट्रोल, सीआईएसएफ और एयरपोर्ट सुरक्षा यूनिट को तुरंत अलर्ट कर दिया गया और पूरे एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
सुरक्षित लैंडिंग के बाद अलग सुरक्षित क्षेत्र में ले जाया गया विमान
राहत की बात यह रही कि फ्लाइट सुरक्षित तरीके से राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर गई. लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ टीमों ने उसकी गहन जांच शुरू की.
यात्रियों को सुरक्षा नियमों के तहत विमान से उतारा गया और सभी की जांच की गई. अधिकारियों ने विमान के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली. शुरुआती जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने की जानकारी सामने आई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां अभी भी पूरी सतर्कता के साथ जांच कर रही हैं.
धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटीं एजेंसियां
जांच एजेंसियां अब उस ईमेल की जांच कर रही हैं, जिसके जरिए बम की धमकी दी गई थी. साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.
एयरपोर्ट पर विदेशी करेंसी के साथ यात्री पकड़ा गया
इसी बीच राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक और मामला सामने आया है, जिसमें एक यात्री के पास से बड़ी मात्रा में विदेशी करेंसी बरामद की गई है. सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने करीब 11 लाख 85 हजार 930 रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की. बताया जा रहा है कि यात्री का नाम सैयद इस्माइल अली है और वह शमशाबाद से बैंकॉक जाने की तैयारी में था. सामान्य बैगेज स्क्रीनिंग के दौरान उसके बैग में संदिग्ध विदेशी मुद्रा दिखाई दी, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे रोक लिया.
करेंसी जब्त कर शुरू हुई पूछताछ
अधिकारियों ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बरामद विदेशी करेंसी को जब्त कर लिया गया है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह रकम कहां से लाई गई थी और इसे बैंकॉक ले जाने के पीछे क्या मकसद था. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने एयरपोर्ट सुरक्षा को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही हैं और हर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.