Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र स्थित कुंदरी गांव में ससुराल आए 32 वर्षीय साबिर अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह वह गांव में गंभीर हालत में पड़े मिले, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें रांची के रिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में पोलपोल के पास उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाए अवैध संबंध और हत्या के गंभीर आरोप
मृतक के मौसेरे भाई सद्दाम हुसैन ने आरोप लगाया कि साबिर की पत्नी और उसके बहनोई ने मिलकर उसकी हत्या की है। परिजनों का दावा है कि दोनों के बीच अवैध संबंध थे और इसी वजह से साबिर को रास्ते से हटाया गया। हालांकि पुलिस को अब तक ऐसे किसी आरोप की पुष्टि करने वाला ठोस साक्ष्य नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि साबिर और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
2018 में हुई थी लव मैरिज, दो छोटे बच्चों का छिना सहारा
स्थानीय लोगों के अनुसार साबिर अंसारी ने वर्ष 2018 में प्रेम विवाह किया था। दंपति के दो बच्चे है, जिनकी उम्र करीब चार और छह साल बताई जा रही है। साबिर बाहर मजदूरी का काम करता था और मंगलवार को ही घर लौटा था। अगले ही दिन वह अपने ससुराल कुंदरी गांव गया, जहां बाद में उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल यूडी केस दर्ज किया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।