Giridih News : झारखंड सीआईडी की साइबर टीम ने गिरिडीह में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर नाबालिग लड़कियों के अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बेचने वाले गिरोह से जुड़े होने का आरोप है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसन राजा और मो. मोहब अंसारी के रूप में हुई है। सीआईडी की टीम ने डीएसपी अर्चना स्मृति खल्को के नेतृत्व में कोलडीहा इलाके में छापेमारी कर दोनों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान कई मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
डिजिटल उपकरणों की होगी फोरेंसिक जांच
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से आपत्तिजनक वीडियो बेचने वाले नेटवर्क से जुड़े थे।
बताया जा रहा है कि मामले की शुरुआती जांच हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने की थी। जांच के दौरान एक नाबालिग लड़की का आपत्तिजनक वीडियो सामने आया था। डिजिटल ट्रैकिंग में इसका लिंक झारखंड से जुड़ा मिलने के बाद मामला रांची सीआईडी को सौंपा गया। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की जांच में जुटी हुई है।