Jamshedpur News: जमशेदपुर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद हालात पूरी तरह बदल गए हैं। कल तक जहां पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी थीं और घंटों इंतजार करना पड़ रहा था, वहीं अब चौथे दिन पंप संचालकों को ग्राहकों का इंतजार करना पड़ रहा है। दाम बढ़ने के बाद लोगों ने जरूरत के हिसाब से ही तेल खरीदना शुरू कर दिया है, जिससे पंपों पर भीड़ कम हो गई है।
दाम बढ़े लेकिन कर्मचारियों की सैलरी जस की तस, स्टाफ में नाराजगी
पेट्रोल पंपों पर काम करने वाले कर्मचारियों में तेल की कीमत बढ़ने के बावजूद वेतन नहीं बढ़ाए जाने को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनकी तनख्वाह में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में असंतोष का माहौल है और वे अपनी परेशानियां खुलकर सामने रख रहे हैं।
जमशेदपुर में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य
जिले के उपायुक्त ने शहर के तमाम पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक कर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की समीक्षा की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जमशेदपुर में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
अफवाहों से बचने की अपील, जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई
उपायुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और जरूरत के मुताबिक ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो लोग ईंधन की जमाखोरी कर उसे अधिक कीमत पर बेचने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि शहर में किसी प्रकार की परेशानी न हो।