Jamshedpur: जमशेदपुर के चर्चित कैरव गांधी अपहरण मामले में शुक्रवार को घाघीडीह जेल में टीआई (टेस्ट आइडेंटिफिकेशन) परेड कराई गई। इस दौरान युवा उद्यमी कैरव गांधी को कड़ी सुरक्षा के बीच बिष्टुपुर थाना पुलिस और मजिस्ट्रेट के साथ जेल लाया गया।
एक-एक कर बदमाशों की पहचान
करीब एक घंटे तक चली प्रक्रिया में कैरव गांधी ने अपहरण कांड में शामिल आरोपियों की पहचान की। टीआई परेड के दौरान अन्य बंदियों को भी लाइनअप में शामिल किया गया था, ताकि पहचान प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से पूरी की जा सके।
अपहरण मामले में 11 आरोपी जेल में बंद
इस मामले में फिलहाल कुल 11 आरोपी घाघीडीह जेल में बंद हैं। इनमें गुड्डु सिंह, मो. इमरान, उपेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, रमीज रजा, मोहन प्रसाद, मनप्रीत सिंह, अमरिंदर सिंह, गुरदीत शेर सिंह, संतोष कुमार और राजकरण यादव शामिल हैं। आरोपियों का संबंध बिहार, पंजाब, दिल्ली और कोलकाता समेत अलग-अलग क्षेत्रों से बताया जा रहा है।
पुलिस पहले ही दाखिल कर चुकी है चार्जशीट
जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना पुलिस इस मामले में 28 अप्रैल को ही अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अब टीआई परेड के बाद मामले की कानूनी प्रक्रिया को और मजबूती मिलने की संभावना है।
चर्चित रहा था अपहरण कांड
कैरव गांधी अपहरण मामला शहर में काफी चर्चित रहा था। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कई राज्यों में छापेमारी की थी और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।