Rajdhani Express Fire Incident: कोटा रेल मंडल के अंतर्गत मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 एसी कोच में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और थर्ड एसी व एसएलआर कोच भी उसकी चपेट में आ गए। घटना लूणीरीछा-विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:30 बजे हुई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
गार्ड की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, 15 मिनट में खाली कराया कोच
ट्रेन में धुआं उठता देख गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया। बी-1 कोच में सवार 68 यात्रियों को आरपीएफ जवानों और रेलवे स्टाफ की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। करीब 15 मिनट के भीतर पूरा कोच खाली करा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। यात्रियों को बाद में अन्य कोचों में शिफ्ट करने की व्यवस्था की गई।
आग की लपटों से दहला इलाका, दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित
आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें दूर तक आसमान में दिखाई देने लगीं। रेलवे ने एहतियातन ओएचई बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। करीब आधा दर्जन ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया, जबकि मुंबई सेंट्रल-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोकना पड़ा।
राहत-बचाव में जुटी रेलवे टीम, दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही कोटा रेल मंडल से दुर्घटना राहत ट्रेन और मेडिकल रिलीफ टीम मौके के लिए रवाना की गई। डीआरएम अनिल कालरा समेत रेलवे, पुलिस और दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के लिए नाश्ते और आगे की यात्रा की वैकल्पिक व्यवस्था भी शुरू कर दी है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, रेलवे ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश
रेलवे अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे। पश्चिम मध्य रेलवे के सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि आग लगते ही प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया था। ओएचई लाइन की मरम्मत जारी है और जल्द ही दिल्ली-मुंबई रूट पर रेल संचालन सामान्य करने की तैयारी की जा रही है।