Ranchi News : नगर निगम ने सरकारी भूमि संरक्षण, अतिक्रमण हटाने और जनसुविधाओं को मजबूत करने को लेकर शनिवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों के साथ वार्ड संख्या-2 अंतर्गत हातमा पहाड़ और मिसिरगोंदा तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण की स्थिति, स्थानीय लोगों की मूलभूत सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था और सरकारी जमीन की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को विकास योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने का निर्देश दिया।
हातमा पहाड़ में जी+3 आवास योजना की तैयारी
हातमा पहाड़ स्थित करीब 3 एकड़ 57 डिसमिल भूमि का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने पूरे क्षेत्र की दोबारा मापी और सीमांकन कराने का निर्देश दिया। वर्षों से अस्थायी घरों में रह रहे लोगों के लिए आवास योजना के तहत जी+3 भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने के लिए उप नगर आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने और जनसुनवाई आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया। इसके अलावा आवास योजनाओं से वंचित लोगों को योजना से जोड़ने, शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने, स्किल डेवलपमेंट सेंटर विकसित करने और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
नगर आयुक्त ने भू-संपदा टीम को अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
मिसिरगोंदा तालाब के सौंदर्यीकरण की बनेगी योजना
इसके बाद नगर आयुक्त ने मिसिरगोंदा तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां करीब 5 एकड़ 88 डिसमिल भूमि का जायजा लिया गया।
नगर आयुक्त ने अंचल कार्यालय की टीम के साथ संयुक्त रूप से तालाब का सीमांकन कराने और उसके सौंदर्यीकरण व विकास योजना का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त निकेश कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।