Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-17

Chaibasa News: चाईबासा में अंधविश्वास की बलि चढ़ी मासूम, नदी में डूबने से 3 साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने अस्पताल के बजाय झाड़-फूंक में गंवाया समय

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना अंतर्गत तांतनगर ओपी क्षेत्र के छोटा तेंताडा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां नदी में डूबने से तीन वर्षीय बच्ची संगीता सिरका की मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार, संगीता गांव के अन्य बच्चों के साथ खेलते हुए पास ही स्थित नदी किनारे चली गई थी. वहां कुछ बच्चों को नहाते देख वह भी पानी में उतर गई और खेल-खेल में गहरे पानी की ओर जाने से डूबने लगी. अन्य बच्चों के शोर मचाने पर पहुंची बच्ची की भाभी ने उसे काफी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम अचेत हो चुकी थी.

अंधविश्वास के चक्कर में समय बर्बाद, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बच्ची को पानी से निकालने के बाद परिजनों ने समझदारी दिखाने के बजाय अंधविश्वास का सहारा लिया. वे अचेत बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाने के बदले ओझा-गुनी से झाड़-फूंक कराने लगे. इस अमानवीय लापरवाही में काफी कीमती समय बर्बाद हो गया. जब काफी देर बाद भी बच्ची के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तब परिजन उसे लेकर देर शाम सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचे. हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों का भी मानना है कि यदि झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद किए बिना बच्ची को सीधे डॉक्टर के पास ले जाया जाता, तो उसकी जान बच सकती थी.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, गांव में पसरा सन्नाटा
सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची की मौत फेफड़ों में पानी भरने और समय पर इलाज न मिलने के कारण हुई है. इस हृदयविदारक घटना के बाद से छोटा तेंताडा गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने इस संबंध में अस्वाभाविक मृत्यु (UD) का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !