Jamtara News: जामताड़ा के गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में स्थापित मां पार्वती की प्रतिमा को अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में भारी नाराजगी का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने देखी टूटी प्रतिमा, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग तेज
रविवार सुबह करीब 7 बजे श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा। प्रतिमा के दोनों तरफ गहरे चोट के निशान पाए गए, जिससे लोगों को आशंका है कि किसी ने जानबूझकर घटना को अंजाम दिया है। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुट गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
प्रतिमा क्षति पर फूटा लोगों का गुस्सा, जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय निवासी श्याम देव चौधरी ने कहा कि प्रतिमा को जिस तरह नुकसान पहुंचाया गया है, वह सुनियोजित शरारत लगती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने यह भी कहा कि जिले में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
पुलिस ने जांच तेज कर शांति बनाए रखने की अपील की
स्थानीय लोगों ने खाटू श्याम मंदिर में हुई लाखों रुपये की चोरी का भी जिक्र किया, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। वहीं पुलिस पदाधिकारी बी.एस. पंडित ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।