Stock Market: कमजोर वैश्विक संकेतों का असर आज घरेलू शेयर बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। कारोबारी सप्ताह की शुरुआत गिरावट के साथ हुई और शुरुआती कारोबार में बिकवाली का दबाव लगातार बढ़ता गया। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 1.36 प्रतिशत और निफ्टी 1.33 प्रतिशत टूटकर कारोबार करते नजर आए। बीच-बीच में खरीदारी का समर्थन मिला, लेकिन बाजार की कमजोरी दूर नहीं हो सकी।
सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी गिरावट
सेंसेक्स 430.02 अंक की गिरावट के साथ 74,807.97 पर खुला और बिकवाली बढ़ने से सुबह 10 बजे तक 1,026.08 अंक टूटकर 74,211.91 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 161.30 अंक फिसलकर 23,482.20 पर खुला और बाद में गिरकर 23,317.10 तक पहुंच गया। सुबह 10 बजे तक निफ्टी 314.10 अंक की कमजोरी के साथ 23,329.40 पर कारोबार करता दिखा।
आईटी शेयरों ने संभाला मोर्चा
शुरुआती कारोबार में आईटी और टेलीकॉम सेक्टर के कुछ शेयरों ने बाजार को सहारा देने की कोशिश की। इंफोसिस, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, कोल इंडिया और विप्रो के शेयर 0.99 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर टाटा स्टील, पावर ग्रिड, श्रीराम फाइनेंस, ट्रेंट लिमिटेड और अदानी पोर्ट्स के शेयरों में 4 प्रतिशत तक की तेज गिरावट देखने को मिली।
बाजार में बिकवाली का दबदबा
सुबह 10 बजे तक बाजार में 2,744 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें केवल 425 शेयर बढ़त में थे, जबकि 2,319 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 6 शेयरों में तेजी रही, जबकि 24 शेयर गिरावट में रहे। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 38 शेयर कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आए। पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को भी सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए थे, जिससे बाजार में पहले से ही दबाव बना हुआ था।