Seraikela News: सरायकेला नगर पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित अटल क्लीनिक में 5 दिवसीय आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया। नगर पंचायत अध्यक्ष की पहल पर शुरू हुए इस शिविर में पहले दिन करीब 50 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया।
जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कर्मियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर वार्ड पार्षद सविता पटनायक, अंजली राय, ज्योति साहू, बीपीएम रवि कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार समेत कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। वीएलई हरि ओम विल, वीएलई भूपति देवगम, एएनएम आरती महतो, जोंगा कुदादा और देविका सरकार ने भी शिविर संचालन में सहयोग किया।
गरीब परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कवच
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि आबुआ हेल्थ कार्ड और आयुष्मान कार्ड गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कवच हैं। इससे पात्र परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक राहत मिलेगी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
अगले चार दिन तक चलेगा शिविर, जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
यह शिविर अगले चार दिनों तक जारी रहेगा। अटल क्लीनिक में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। इसका लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य किया गया है।