Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची स्थित रामलीला मैदान के पास सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चैन छीन ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
दूध लेकर लौट रही महिला को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार क्वार्टर नंबर एल 4/6 निवासी महिला सुबह दूध लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने अचानक महिला के गले से सोने की चैन झपट ली और वहां से भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया।
भीड़ से घिरने पर की हवाई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पिस्टल निकाल ली और लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस चौकी के पास घटना से लोगों में नाराजगी
यह पूरी घटना रामलीला मैदान स्थित टीओपी के बेहद करीब हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के पास अपराधियों ने खुलेआम चैन स्नैचिंग और फायरिंग जैसी घटना को अंजाम दिया, जिससे इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।