Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में कारा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय कारा घाघीडीह, मंडल कारा साकची और उपकारा घाटशिला की सुरक्षा, आधारभूत संरचना और संचालन व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
घाघीडीह जेल में पेयजल संकट दूर करने के निर्देश
बैठक में केंद्रीय कारा घाघीडीह में पेयजल समस्या और खराब पड़े चापाकलों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। उपायुक्त ने खराब चापाकलों की शीघ्र मरम्मति कराने और पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेल परिसरों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निगरानी, पेट्रोलिंग और वॉच टावर पर विशेष जोर
उपायुक्त ने जेल परिसरों की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बैठक में वॉच टावरों की सक्रियता, नियमित पेट्रोलिंग, औचक निरीक्षण और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कारा सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील विषय है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कैदियों की सुरक्षा और अनुशासन प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता कैदियों की सुरक्षा, जेल परिसरों में अनुशासन और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है, ताकि कारा प्रबंधन प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। बैठक में रूरल एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, डीटीओ, एसडीओ धालभूम, एसडीपीओ घाटशिला, डीएसपी मुख्यालय, कारा अधीक्षक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।