Bihar News: पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मझौलिया थाना क्षेत्र के सरिसवा तेलिया पट्टी में आठवीं कक्षा के एक छात्र के साथ कुछ युवकों ने अमानवीय व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में भारी आक्रोश है। वीडियो में छात्र को बेल्ट और जूतों की माला पहनाकर केवल अंडरवियर में बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि घटना रविवार 17 मई को करीब 11 बजे हुई।
स्कूल से लौट रहे छात्र को रास्ते में घेरा
जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्र हिमांशु कुमार, सरिसवा तेलिया पट्टी स्थित अंशु प्रिया पब्लिक स्कूल में वर्ग आठ का छात्र है। वह पढ़ाई खत्म कर साइकिल से घर लौट रहा था, तभी कुछ युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने सार्वजनिक रूप से उसके साथ मारपीट की और अपमानित करने के लिए उसके गले में बेल्ट और जूतों की माला डाल दी। इतना ही नहीं, उसके कपड़े उतरवाकर अमानवीय व्यवहार भी किया गया।
वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल
घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया गया है कि हिमांशु कुमार मोहछि बनकटवा रतनमाला वार्ड-2 स्थित अपने नाना महेश साह के घर रहकर पढ़ाई करता है। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए मझौलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एक नाबालिग हिरासत में
वीडियो वायरल होने के बाद मझौलिया पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग किशोर को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार किशोर को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इलाके में आक्रोश, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है और मामले में शामिल सभी आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।