Hazaribagh: हजारीबाग में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई। अभियान का संचालन पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर, जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), मोटर यान निरीक्षक (MVI) और यातायात थाना प्रभारी की संयुक्त निगरानी में हुआ।
कई नियम तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, ड्राइविंग के समय मोबाइल इस्तेमाल करने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस तथा बिना इंश्योरेंस वाले वाहनों की जांच की गई। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीमों को तैनात किया गया था। पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में 5 पुलिस अधिकारियों और 10 गृहरक्षकों की टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में वाहन जांच अभियान चलाया।
99 लोगों का कटा चालान
जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 99 लोगों पर चालान की कार्रवाई की गई। वहीं ट्रिपल लोडिंग करने वाले 32 वाहन चालकों, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 6 लोगों तथा बिना इंश्योरेंस वाले 13 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा 39 ऐसे वाहन चालकों को, जो बिना हेलमेट वाहन चला रहे थे, शपथ पत्र भरवाकर चेतावनी देते हुए छोड़ा गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान
वाहन जांच के साथ-साथ जिला परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया गया। डिस्ट्रिक्ट मोड़ पर आयोजित इस कार्यक्रम में मोटर यान निरीक्षक, यातायात थाना प्रभारी, बाहर से आए पर्वतारोही मित्र, पुलिसकर्मी और गृहरक्षक शामिल हुए। अभियान के दौरान करीब 55 वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक किया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में आगे भी नियमित रूप से वाहन जांच और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।