BREAKING: रांची की बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) में बंद एक महिला कैदी ने जेल अधीक्षक और जेलर पर यौन शोषण का सनसनीखेज आरोप लगाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) की एक उच्चस्तरीय टीम जांच के लिए जेल पहुंची. वहां पूछताछ के दौरान पीड़ित महिला कैदी ने टीम के सामने अपने साथ हुए कथित यौन शोषण की पूरी आपबीती बयां की.
जस्टिस एसएन प्रसाद के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस एसएन प्रसाद के कड़े निर्देश पर की गई. उन्होंने सोमवार को झालसा सचिव कुमारी रंजना को मामले की त्वरित जांच कराने को कहा था, जिसके बाद रांची जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के नेतृत्व में एक विशेष टीम होटवार जेल भेजी गई.
प्रारंभिक जांच में आरोप सही, जल्द सौंपी जाएगी रिपोर्ट
जांच टीम ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ-साथ आरोपी जेलर, जेल अधीक्षक और जेल के अन्य कर्मचारियों से भी कड़ी पूछताछ की. सूत्रों के अनुसार, टीम ने अपनी प्रारंभिक जांच में महिला के साथ हुए यौन शोषण की घटना को सही पाया है. इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जस्टिस एसएन प्रसाद को सौंपी जाएगी, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.