Ranchi News: रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में महिला बंदी के साथ कथित यौन शोषण के मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है. इस मुद्दे को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेताओं ने सोमवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई.
जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने कहा कि उच्च सुरक्षा वाली जेल में इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि जेल में बंद लोगों को भी संविधान के तहत सम्मान और बुनियादी अधिकार प्राप्त हैं. उन्होंने महिला बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, जेलों में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और कैदियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.
प्रतिनिधिमंडल ने जेल मैनुअल के अनुरूप पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया. राज्यपाल ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक जांच और उचित कार्रवाई का निर्देश देने का आश्वासन दिया.
ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन महासचिव मनीष कुमार साहू, संजीव रंजन प्रसाद, कलेश्वर बड़ाईक और फूलेश्वर बैठा समेत अन्य लोग शामिल थे.